धान खरीदी पर विशेष व्यवस्था: किसानों को मोबाइल ऐप से मिलेगा टोकन, 31 जनवरी तक चलेगी खरीदी

रायपुर, 25 नवंबर 2025।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश में धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य शासन ने इस बार विशेष व्यवस्था की है। सरकार ने धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक करने का निर्णय लिया है। लगभग 50 कार्य दिवसों में खरीदी पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
मोबाइल ऐप से भी मिलेगा टोकन
किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष भी टोकन प्रणाली जारी रखी गई है। किसानों को उनकी भूमि धारिता के अनुसार टोकन उपलब्ध कराया जा रहा है—
- 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को 1 टोकन
- 2 से 10 एकड़ वाले किसानों को अधिकतम 2 टोकन
- 10 एकड़ से अधिक वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन
किसान टोकन उपार्जन केंद्र से ले सकते हैं या फिर गूगल प्ले स्टोर में उपलब्ध ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
शिकायत और निगरानी व्यवस्था
धान खरीदी से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज कराए जा सकते हैं। प्रत्येक जिले में अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और कॉल सेंटर भी बनाए गए हैं। ये सेंटर धान रीसाइक्लिंग पर रोक, बिचौलियों की गतिविधियों की निगरानी और धान परिवहन की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि धान उपार्जन केंद्र में लाते समय—
- धान पूरी तरह सुखाया हुआ हो
- नमी 17% से अधिक न हो
- धान साफ-सुथरा और अशुद्धियों से मुक्त हो
- टोकन, ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड साथ रखें
प्रशासन ने किसानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्देशों का पालन करें और समय पर धान विक्रय करें, ताकि खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से पूरी हो सके।



