छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में भी होगा SIR सर्वे: मतदाता सूची होगी अपडेट, आज आयोग करेगा तारीखों का ऐलान

रायपुर, 27 अक्टूबर 2025 छत्तीसगढ़ में अब बिहार की तर्ज पर विशेष इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सर्वे होने जा रहा है। निर्वाचन आयोग आज शाम 4:15 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देशभर में SIR की तारीखों की घोषणा करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी इस सर्वे पर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, आने वाले हफ्ते से देशभर के 10 से 15 राज्यों में SIR की शुरुआत हो सकती है। छत्तीसगढ़ में सर्वे की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त के निर्देश पर सभी जिलों में पुरानी और वर्तमान मतदाता सूची का टेबल-टॉप मिलान करा लिया गया है।

जहां स्थानीय निकाय चुनाव नहीं, वहीं पहले SIR

निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जिन राज्यों में फिलहाल स्थानीय निकाय चुनाव चल रहे हैं, वहां SIR फिलहाल टाल दिया जाएगा, क्योंकि निचले स्तर के कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में व्यस्त हैं। चुनाव खत्म होते ही उन राज्यों में यह प्रक्रिया शुरू होगी।

क्या होगा SIR में?

• नई मतदाता सूची तैयार की जाएगी
• नए मतदाताओं का पंजीकरण होगा
• मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटेंगे
• आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए पारदर्शिता बढ़ेगी

राज्य निर्वाचन विभाग ने जिलों को प्रारंभिक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और आदेश मिलते ही काम तेजी से शुरू होगा।

छत्तीसगढ़ में 2.11 करोड़ वोटर्स

राज्य में 1 जनवरी 2025 को मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 11 लाख 5 हजार 391 दर्ज की गई थी। इसमें:
• 1 करोड़ 4 लाख 27 हजार 842 पुरुष
• 1 करोड़ 6 लाख 76 हजार 821 महिलाएं
• 728 तृतीय लिंग के मतदाता

लिंगानुपात 1024 दर्ज किया गया है, जो महिला मतदाताओं की अधिक भागीदारी दर्शाता है।

बिहार में विवाद, सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा मामला

बिहार में SIR लागू होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया था, जिस पर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। कोर्ट ने प्रक्रिया को सही ठहराया और आयोग की अंतिम वोटर लिस्ट भी तलब की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।

छत्तीसगढ़ में सर्वे शुरू होने को तैयार

टेबल-टॉप एक्सरसाइज पूरी होने के बाद अब राज्य सिर्फ आयोग के औपचारिक आदेश का इंतजार कर रहा है। उम्मीद है कि घोषणा के तुरंत बाद SIR सर्वे की प्रक्रिया पूरे प्रदेश में एकसाथ शुरू कर दी जाएगी।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button