छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

शिव पुराण सनातन चेतना का जीवंत स्वरूप: CM विष्णुदेव साय | हीराबेन मोदी की स्मृति में शिव महापुराण कथा में हुए शामिल

रायपुर, 16 जनवरी 2026।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिव पुराण सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त संगम है, जो समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूती देता है। वे रायगढ़ जिले के बरगढ़ खोला अंचल स्थित ग्राम-खम्हार में आयोजित शिव महापुराण कथा को संबोधित कर रहे थे।

यह भव्य आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप किया गया। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज से आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां प्रभु श्रीराम ने वनवास का अधिकांश समय बिताया। माता शबरी के जूठे बेरों की कथा आज भी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से बना प्रसाद अर्पित किया गया, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रामलला दर्शन योजना के तहत पिछले दो वर्षों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 19 चिन्हित तीर्थ स्थलों की यात्रा कराते हुए अब तक 5 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिला है। कार्यक्रम को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया।

शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन अकोला (महाराष्ट्र) से पधारे बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती सहित संपूर्ण शिव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन हो रहा है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गबेल, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button