छत्तीसगढ़ में शर्मनाक लापरवाही : वाड्रफनगर के वृद्धाश्रम में ताला लगाकर फरार हुआ संचालक, अंधेरे में रहने को मजबूर बुजुर्ग महिलाएं

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर में समाज कल्याण विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। यहां संचालित परख वृद्धाश्रम का संचालक अचानक ताला लगाकर फरार हो गया, जिससे आश्रम में रह रही वृद्ध महिलाएं और कर्मचारी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
आश्रम में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले आठ महीनों से वेतन नहीं मिला, वहीं बिजली कनेक्शन कटने के कारण वृद्ध महिलाएं अंधेरे में खाना बनाने को मजबूर हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में आश्रम की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि वृद्धाश्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग से संबद्ध संस्था द्वारा किया जा रहा था, लेकिन लंबे समय से किसी प्रकार की निगरानी या निरीक्षण नहीं किया गया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर संचालक आश्रम बंद कर फरार हो गया।
मामला उजागर होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आश्रम में रह रही महिलाओं की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पूरे प्रकरण ने समाज कल्याण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां सबसे असहाय वर्ग — वृद्ध महिलाओं — की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ बड़ी लापरवाही सामने आई है।



