Shah in Bastar: अमित शाह बस्तर दशहरा में शामिल होंगे, नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा पर करेंगे समीक्षा

रायपुर, 1 अक्टूबर 2025: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर 2025 की रात छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले का दौरा करेंगे। वे ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के अंतर्गत आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह दौरा जनजातीय समुदाय के विशेष आमंत्रण पर हो रहा है, जिसे केंद्रीय गृहमंत्री ने स्वीकार किया है। इस अवसर पर वे बस्तर की पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों और पूजा-पाठ से जुड़े आयोजनों में भाग लेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने दी जानकारी
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष, बस्तर के सांसद और परंपरागत मांझी, गायता और पुजारी ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया था। अमित शाह अब मुरिया दरबार में उपस्थित रहेंगे और बस्तर के पारंपरिक पदाधिकारियों के साथ भोजन भी करेंगे। यह कदम सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है।
सुरक्षाबलों के साथ बैठक कर सकते हैं शाह
दौरे के अगले दिन, 4 अक्टूबर को, अमित शाह नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। इस दौरान वे 31 मार्च 2026 तक नक्सल समस्या को समाप्त करने के लिए बनाई गई कार्य योजना पर भी चर्चा करेंगे।



