बिलासपुर में सनसनीखेज लूट: सर्राफा कारोबारी को पीटकर गहनों से भरी कार ले उड़े नकाबपोश, CCTV में कैद वारदात

बिलासपुर, 17 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में देर रात फिल्मी अंदाज़ में लूट की बड़ी वारदात सामने आई। बंदूक की नोक पर नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी को बेरहमी से पीटा और सोने-चांदी के जेवरात से भरी उनकी कार लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना इलाके के CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यापारी
राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी महालक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। रोज की तरह मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे गहनों को अपनी मैरून रंग की कार में रखकर घर जा रहे थे।
टेलीफोन एक्सचेंज रोड, शक्ति चौक के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उनकी कार को एक सफेद वैन से ओवरटेक कर रोक लिया।
बंदूक दिखाकर मारपीट, हथौड़ी से हमला
कार रुकते ही पीछे से बाइक सवार बदमाश भी आ गए।
- बदमाशों ने व्यापारी को गाड़ी से बाहर निकाला
- बंदूक की बट और हथौड़ी से हमला किया
- घायल करने के बाद गहनों से भरी कार लेकर फरार हो गए
घटना के दौरान बदमाश अपनी वैन और मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
CCTV में कैद पूरी वारदात
महावीर सिटी क्षेत्र के कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। उस समय सड़क पर आवाजाही जारी थी, इसलिए बदमाश जल्दबाज़ी में वाहन छोड़कर फरार हो गए।
घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
पुलिस की नाकेबंदी, आरोपियों की तलाश
मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचकर जांच शुरू कर चुके हैं।
पुलिस को घटनास्थल से मैगजीन और कुछ कारतूस भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपियों को व्यापारी की दिनचर्या की पहले से जानकारी थी।
फिलहाल चारों तरफ नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश जारी है।



