रायपुर में दोहरी मौत का सनसनीखेज मामला: पत्नी की हत्या के बाद पति ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद`

रायपुर। राजधानी रायपुर के चंडी नगर इलाके में घरेलू विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह खत्म कर दिया। पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। एक ही परिवार के दो सदस्यों की दर्दनाक मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर निवासी राजन गुप्ता वेल्डिंग का काम करता था। लंबे समय से काम न मिलने की वजह से वह तनाव में रहता था। उसकी पत्नी रेखा गुप्ता एक लैब में कार्यरत थी। राजन रोजाना रेखा से पैसे लेकर शराब पीता था और घर लौटकर उससे विवाद करता था। पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होते थे, जिसकी जानकारी परिजनों को भी थी।
पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी
सोमवार रात फिर विवाद हुआ और गुस्से में राजन ने रेखा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी पत्नी की हत्या स्वीकार की। नोट लिखने के बाद वह कचना रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सीएसपी रमाकांत साहू और खम्हारडीह पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तेलीबांधा पुलिस को कचना फाटक पर शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी राजन के घर से उसकी पत्नी का शव भी बरामद हुआ।
फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाकर मौके की विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले को हत्या और आत्महत्या की कड़ी के रूप में जांच रही है।
चंडी नगर में इस दोहरी मौत के बाद लोगों में दहशत और गहरा दुख है।



