सुशासन दिवस पर अटल जी को नमन: सीएम विष्णु देव साय बोले— आज भी देश को दिशा दिखा रहे हैं अटल के आदर्श

रायपुर, 24 दिसंबर 2025/ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को मनाए जा रहे सुशासन दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है।
उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और जनकल्याण को सर्वोपरि रखने वाले प्रधानमंत्री थे। उनके नेतृत्व में देश को सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा मिली। “अंत्योदय” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की उनकी सोच आज भी शासन की आधारशिला बनी हुई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाएं और जनता का भरोसा मजबूत करना—ये सभी प्रयास अटल जी के विचारों से प्रेरित हैं।
उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस सिर्फ स्मरण का दिन नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाएं और राज्य तथा देश के समावेशी विकास में सहभागी बनें।



