बिलासपुर थाने में बवाल: टूटा टॉयलेट दरवाजा तो पीएम-सीएम की फोटो वाले पोस्टर से ढका, भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा

गहवई, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर का सीपत थाना इन दिनों विवादों के घेरे में है। थाना परिसर स्थित सार्वजनिक शौचालय का दरवाजा टूटने के बाद उसकी जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर वाला ‘सुशासन तिहार’ का पोस्टर लगाकर जुगाड़ किया गया। यह नजारा सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और थाने में जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में थाने के भीतर अवैध गतिविधियां चल रही हैं और शराबखोरी की भी शिकायतें मिल रही हैं। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने थाने से लोकार्पण शिलालेख हटाए जाने का भी आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के अपमान से जोड़ते हुए दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने और थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग की। मौके पर पहुंचे डीएसपी निमितेश सिंह ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।