छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में सड़क हादसा: इस्कॉन मंदिर से लौट रही छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत, दो सहेलियां घायल

रायपुर, 17 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक और सड़क हादसे ने एक छात्रा की जान ले ली। आमानाका इलाके में देर रात हुए इस हादसे में बेमेतरा निवासी छात्रा भूमि चंद्राकर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां मामूली रूप से घायल हुई हैं।

इस्कॉन मंदिर से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, तीनों छात्राएं एक ही एक्टिवा पर सवार होकर इस्कॉन मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। चंदनडीह टर्निंग पर रायपुर की ओर यू-टर्न लेते समय उनका एक्टिवा एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। इस दौरान एक्टिवा चला रही अनामिका वैद और पीछे बैठी कामिनी साहू दूर जा गिरीं, लेकिन बीच में बैठी भूमि चंद्राकर की चुन्नी ट्रक के पहिए में फंस गई और वह सीधे उसके नीचे आ गई। हादसा इतना भयावह था कि भूमि की मौके पर ही मौत हो गई।

कौन थी मृतका भूमि चंद्राकर?
भूमि चंद्राकर बेमेतरा की रहने वाली थी और रायपुरा स्थित आदर्श डिफेंस एकेडमी में डिफेंस एजुकेशन की तैयारी कर रही थी। वह खुशी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। हादसे से कुछ घंटे पहले ही वह अपनी सहेलियों – महासमुंद बागबाहरा निवासी अनामिका वैद और बालोद निवासी कामिनी साहू – के साथ इस्कॉन मंदिर गई थी।

हादसे के बाद बवाल
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मौके पर ट्रक को घेरकर जमकर तोड़फोड़ की और चालक की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया। आमानाका थाना पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button