मंत्रालय में ‘नवा अंजोर विजन@2047’ पोर्टल की समीक्षा: मुख्य सचिव ने कहा– डैशबोर्ड पर नियमित अपडेट करें विभाग, समयबद्ध लक्ष्य हासिल करें

रायपुर, 16 फरवरी 2026। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने ‘छत्तीसगढ़ नवा अंजोर विजन@2047’ मॉनिटरिंग पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिव मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने विजन@2047 के अंतर्गत निर्धारित इंडिकेटर्स की राज्य स्तरीय समीक्षा करते हुए सभी विभागीय सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, तय लक्ष्यों की नियतकालिक उपलब्धि तथा अद्यतन जानकारी मॉनिटरिंग पोर्टल पर समय-समय पर दर्ज करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी और मूल्यांकन संभव है, जिससे राज्य के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी आएगी।
मुख्य सचिव ने विभागीय डैशबोर्ड पर ऑनलाइन प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित इंडिकेटर्स के अनुरूप कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विजन 2047 के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के लिए समन्वित और परिणामोन्मुख कार्यवाही पर विशेष जोर दिया गया।



