छत्तीसगढ़
Trending

राजिम कुंभ 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की पूजा, महानदी महाआरती में मांगी प्रदेश की समृद्धि

रायपुर, 15 फरवरी 2026। धर्मनगरी राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प के भव्य समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्राचीन राजीव लोचन मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान राजीव लोचन के चरणों में नमन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पावन तीर्थ सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

मंदिर दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और दीपों की ज्योति से संगम क्षेत्र आलोकित हो उठा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक महानदी मैया की आरती उतारकर प्रदेश की उन्नति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है और यह सामाजिक सद्भाव तथा विश्वास को मजबूत करता है।

इस अवसर पर मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button