छत्तीसगढ़ में बदला राजभवन का नाम, अब “लोकभवन” कहलाएगा; गृह मंत्रालय के निर्देश पर आदेश जारी

रायपुर।छत्तीसगढ़ के राजभवन का नाम अब “लोकभवन” कर दिया गया है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त पत्र के बाद राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने इसका आधिकारिक आदेश जारी कर दिया। आदेश के साथ ही आज राजभवन परिसर के सभी प्रमुख प्रवेश और प्रस्थान द्वारों पर नए नेम प्लेट लगा दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, कुल 7 स्थानों पर नए बोर्ड लगाए गए हैं।
राज्यपालों के सम्मेलन में हुआ था नाम परिवर्तन का प्रस्ताव
राज्यपाल के सचिव ने बताया कि राज्यपालों के सम्मेलन–2024 में देशभर के राजभवनों का नाम बदलकर “लोकभवन” करने का सुझाव दिया गया था। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में यह परिवर्तन लागू किया गया है।
अब से सभी सरकारी दस्तावेजों, पत्राचार और विवरणों में राजभवन को लोकभवन नाम से ही लिखा और पढ़ा जाएगा।
छत्तीसगढ़ इस परिवर्तन को औपचारिक रूप से लागू करने वाला देश के शुरुआती राज्यों में शामिल हो गया है।



