Raipur News: लापरवाही की हद – 6 महीने से लापता इंजीनियर को पुलिस ने लावारिस समझकर दफनाया

रायपुर। राजधानी पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 1 जून से लापता इलेक्ट्रिकल इंजीनियर मृणाल राय चौधरी को पुलिस ने पहचान न होने के कारण लावारिस मानकर दफना दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृणाल का शव 2 जून को ही टाटीबंध इलाके के नाले से बरामद हुआ था, लेकिन पुलिस ने उनकी पहचान की कोशिश किए बिना अंतिम संस्कार करा दिया।
मृतक की बाइक, मोबाइल और पर्स अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। परिवार को इस घटना की जानकारी 2 नवंबर को दी गई, यानी पूरे 6 महीने बाद। इस दौरान मृणाल के परिजनों ने राजधानी के कई थानों के चक्कर लगाए, साथ ही बेटे की तलाश में CMO से लेकर PMO तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं से मदद नहीं मिली।
परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते जांच और पहचान की कोशिश की होती, तो वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार स्वयं कर पाते। अब परिवार ने इस मामले की जांच की मांग की है और पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।



