रायपुर: 1.38 लाख मतदाता दस्तावेज नहीं जमा करने पर नोटिस के खतरे में, राज्य में सबसे ज्यादा नाम कटने का अनुमान

रायपुर, 19 दिसंबर 2025। जिले की सात विधानसभा सीटों में करीब 1.38 लाख मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र जमा किया, लेकिन जरूरी दस्तावेज नहीं दे पाए। इस कारण चुनाव आयोग ने इन सभी मतदाताओं को सी कैटेगरी में रखा है। नोटिस के बाद भी दस्तावेज जमा नहीं किए गए तो इन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे।
रायपुर जिले में कुल 18,92,523 मतदाता हैं। आयोग ने इन्हें तीन कैटेगरी में विभाजित किया है – ए, बी और सी। ए कैटेगरी में 4.66 लाख मतदाता शामिल हैं, जिनके फॉर्म और दस्तावेज सही हैं। बी कैटेगरी में 7.33 लाख मतदाता हैं, जिनके दस्तावेजों की जांच 19 दिसंबर से शुरू होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवीन सिंह ठाकुर ने बताया कि ये मतदाता 2003 की मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेज फार्म के साथ नहीं जमा कर पाए हैं। सभी क्षेत्रों में एसडीएम नोटिस जारी करेंगे और मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, राज्य में सबसे ज्यादा नाम रायपुर से कट सकते हैं। जिले में 79,405 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है और 2,88,222 मतदाता रायपुर से बाहर शिफ्ट हो गए हैं।
गणना प्रपत्र को ऑनलाइन करने का काम 100 फीसदी पूरा हो चुका है। चुनाव आयोग ने चेतावनी दी है कि कोई भी नाम हटाने से पहले नोटिस और पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा।



