छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

RADA Auto Expo 2026 : राडा ऑटो एक्सपो में रिकॉर्डतोड़ बिक्री, 57,435 वाहन बिके

रायपुर, 07 फ़रवरी 2026/ राजधानी रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित राडा ऑटो एक्सपो-26 ने इस बार बिक्री के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। मध्य भारत के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल मेले में कुल 57,435 वाहनों की बिक्री हुई, जिससे 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। इस बिक्री से राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ है।

रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) द्वारा आयोजित इस 9वें ऑटो एक्सपो में दोपहिया से लेकर कार, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों की जमकर बिक्री हुई। खास बात यह रही कि इस बार शासन द्वारा आजीवन रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी गई थी, जिसका सीधा असर बिक्री पर देखने को मिला।

दोपहिया सबसे आगे, कारों की भी शानदार बिक्री

राडा पदाधिकारियों के अनुसार एक्सपो में

  • 34,881 दोपहिया वाहन,
  • 16,502 कारें,
  • और 6,052 अन्य वाहन (बस, ट्रक, ऑटो, लोडर, मालवाहक आदि) बिके।

पेट्रोल वाहनों के साथ-साथ ईवी दोपहिया वाहनों की मांग भी इस बार खास तौर पर देखने को मिली।

सरकार को मिला बड़ा राजस्व

एक्सपो के दौरान हुई बिक्री से राज्य सरकार के खाते में करोड़ों रुपये का राजस्व गया है। इसके अलावा यातायात सुरक्षा अंशदान के तहत भी 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि शासन को प्राप्त हुई है।
राडा पदाधिकारियों ने बताया कि 8वें ऑटो एक्सपो में जहां 29 हजार वाहन बिके थे, वहीं इस बार आंकड़ा दोगुने से भी ज्यादा रहा।

मुख्यमंत्री, वित्त और परिवहन मंत्री को राडा का धन्यवाद

रिकॉर्डतोड़ बिक्री पर राडा अध्यक्ष रविन्द्र भसीन, उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी, सचिव विवेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंघानिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और परिवहन मंत्री केदार कश्यप का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि रोड टैक्स में दी गई छूट और बेहतर व्यवस्थाओं ने ऑटो सेक्टर को नई ऊर्जा दी है।

पहली बार पूरे प्रदेश को मिला सीधा लाभ

राडा ऑटो एक्सपो-26 की एक और खास बात यह रही कि पूरे छत्तीसगढ़ के ग्राहकों को अपने-अपने जिलों में वाहन पंजीयन की सुविधा दी गई। इससे खरीदारों को अपने नजदीकी डीलर से वाहन खरीदने और गृह जिले का आरटीओ कोड प्राप्त करने में आसानी हुई।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button