
रायपुर, 07 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 7 मार्च को आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख महिलाओं, अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ, मरीजों और अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. कीर्ति सिसोधिया (संस्थापक एवं सीईओ, सी-पॉजिटिव), शुभांगी ठाकुर (न्यूज प्रेजेंटर, IBC24), डॉ. चार्मी दावड़ा (डायरेक्टर, दावड़ा यूनिवर्सिटी) और स्वप्निल मिश्रा (पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता) शामिल हुए।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सुशील शर्मा ने इस अवसर पर महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। वहीं डॉ. सुप्रिती शर्मा ने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हुए अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाना बेहद आवश्यक है।
मैनेजिंग डायरेक्टर कात्यानी शर्मा ने कहा कि महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद करने का अवसर है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें फन गेम्स, डांस और रैम्प वॉक शामिल रहे। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल की ओर से 7 मार्च से 14 मार्च तक सभी महिलाओं के लिए निःशुल्क ओपीडी चेकअप, जांच और दवाइयों पर विशेष छूट की घोषणा भी की गई।



