खेलछत्तीसगढ़रायपुर
Trending

प्रेस क्लब खेल मड़ई का शुभारंभ, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया उद्घाटन; रोमांचक मुकाबले में संपादक इलेवन ने पूर्व पदाधिकारी इलेवन को 1 रन से हराया

रायपुर, 01 फ़रवरी 2026। रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित खेल मड़ई का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब द्वारा किया गया यह आयोजन सराहनीय है और अच्छे स्वास्थ्य के लिए सभी को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।

खेल मड़ई के तहत स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का पहला मुकाबला संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन ने मैच को बेहद रोमांचक और यादगार बना दिया।

आख़िरी ओवर तक चला रोमांच

10 ओवर के इस मुकाबले में टॉस जीतकर संपादक इलेवन के कप्तान रामावतार तिवारी ने पहले बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया। मनोज सिंह बघेल और अभिषेक शुक्ला ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन सुशील अग्रवाल की सटीक गेंदबाज़ी से संपादक इलेवन के एक समय जल्दी-जल्दी 5 विकेट गिर गए।

ऐसे कठिन समय में अंशुमन शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए धैर्यपूर्ण बल्लेबाज़ी की और टीम के लिए सर्वाधिक 19 रन बनाए। निर्धारित 10 ओवर में संपादक इलेवन ने 70 रन बनाए और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के सामने 71 रनों का लक्ष्य रखा।

1 रन से मिली जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्व पदाधिकारी इलेवन की ओर से वीरेंद्र शर्मा और राजेश मिश्रा ने अच्छी बल्लेबाज़ी की, जबकि सुशील अग्रवाल ने सर्वाधिक रन बनाए। दूसरी ओर, रामावतार तिवारी की कप्तानी में समीर शुक्ला, मोहित साहू, राजेंद्र निगम और अभिषेक शुक्ला ने कसी हुई गेंदबाज़ी की।

आख़िरी ओवर में पूर्व पदाधिकारी इलेवन को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे, लेकिन राजेंद्र निगम की शानदार गेंदबाज़ी के सामने टीम केवल 6 रन ही बना सकी। इस तरह संपादक इलेवन ने यह मुकाबला 1 रन से जीत लिया।

पुरस्कार वितरण

  • मैन ऑफ द मैच: सुशील अग्रवाल (पूर्व पदाधिकारी इलेवन)
  • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़: अंशुमन शर्मा (संपादक इलेवन)
  • सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़: राजेंद्र निगम (संपादक इलेवन)
  • सर्वश्रेष्ठ फील्डर: मोहित साहू (संपादक इलेवन)

बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद

मैच का आनंद लेने के लिए रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

आज का मुकाबला

सोमवार को होने वाले मुकाबले में प्रेस 11 स्टार और सीनियर संयुक्त इलेवन आमने-सामने होंगे। इस मैच में मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडे और भास्कर के संपादक शिव दुबे उपस्थित रहेंगे।

रायपुर प्रेस क्लब


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button