फिनलैंड के राष्ट्रपति बोले- UNSC में भारत को स्थायी सीट जरूरी: पीएम मोदी की लीडरशिप की सराहना, कहा- दुनिया भारत से सीखे

नई दिल्ली। Alexander Stubb इन दिनों भारत दौरे पर हैं। 4 से 7 मार्च तक के अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान स्टब ने मोदी की नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की और कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्यता मिलना बेहद जरूरी है।
स्टब ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और वैश्विक व्यवस्था एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। ऐसे समय में भारत, ग्लोबल साउथ के देशों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया को भारत से सीखने की जरूरत है, क्योंकि भारत अन्य देशों की संप्रभुता का सम्मान करता है और व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ता है।
‘UNSC में भारत के लिए सीट जरूरी’
फिनलैंड के राष्ट्रपति ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के लिए एक स्थायी सीट होना जरूरी है। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ते सहयोग का भी जिक्र किया और कहा कि दोनों के बीच रणनीतिक साझेदारी वैश्विक संतुलन और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।
युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और फिनलैंड दोनों ऐसे देश हैं जो कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान युद्ध से नहीं हो सकता, चाहे वह यूक्रेन का मुद्दा हो या पश्चिम एशिया का। भारत हमेशा शांति और संवाद के जरिए संघर्ष समाप्त करने की दिशा में प्रयास करता रहेगा।
वैश्विक हालात पर जताई चिंता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है। यूक्रेन से लेकर पश्चिम एशिया तक कई क्षेत्रों में संघर्ष जारी है। ऐसे समय में भारत और यूरोप के बीच बढ़ते संबंध वैश्विक स्थिरता और विकास को नई मजबूती दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 2026 की शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर ऐतिहासिक हस्ताक्षर हुए हैं। इससे भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश, डिजिटल तकनीक, बुनियादी ढांचे और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा।
(न्यूज डेस्क)



