
रायपुर, 07 फ़रवरी 2026/ देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शनिवार को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में गरिमामय आगमन हुआ। वे यहां ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम के शुभारंभ अवसर पर पहुंची हैं।
जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और वन मंत्री केदार कश्यप ने भी राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।



इसके साथ ही सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पांडे ने राष्ट्रपति का स्वागत कर उनका अभिवादन किया। एयरपोर्ट परिसर में कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे जगदलपुर शहर में उत्साह का माहौल रहा, वहीं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बस्तर पंडुम के माध्यम से क्षेत्र की जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



