रायपुर: श्रीमंत हनुमंत कथा की तैयारियां पूरी, कल पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे कथा वाचन

रायपुर, 03 अक्टूबर 2025 रायपुर के गुढ़ियारी, अवधपुरी मैदान में 4 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली श्रीमंत हनुमंत कथा की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। कथा वाचन के लिए बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार दोपहर 10 बजे रायपुर के विवेकानंद टर्मिनल पर पहुंचेंगे। उनका स्वागत युवा समाजसेवी चंदन बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों द्वारा फूलों की वर्षा कर भव्य तरीके से किया जाएगा।
कथा का आयोजन दोपहर 3 बजे से गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संस्कार टीवी, पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के ऑफिशियल चैनल और बसंत अग्रवाल के इंस्टाग्राम, फेसबुक व यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
मुख्य यजमानों के रूप में श्रीमती माधुरी-लरूखी प्रसाद अग्रवाल, श्रीमती अनिता-चंदन अग्रवाल और श्रीमती ऋतु-बसंत अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। समिति द्वारा बाइक और कार पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और विकलांग श्रद्धालुओं के लिए 4 से 8 अक्टूबर तक 200 नि:शुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध रहेगी।
प्रतिदिन सुबह 10 बजे और रात 9 बजे भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका संचालन युवा समाजसेवी चंदन-बसंत अग्रवाल और स्व. श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन की टीम करेगी। समिति ने पंडाल में पहले आओ—पहले पाओ व्यवस्था की है, ताकि लाखों भक्तगण आराम से कथा का आनंद ले सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित कई गणमान्य नागरिकों के कथा स्थल में शामिल होने की संभावना है। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस भक्तों की सुगमता सुनिश्चित करने में पूरी मदद करेंगे।



