
रायपुर, 11 दिसंबर 2025।नवा रायपुर में अगले वर्ष होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार ने उत्सव को बेहतर और प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए नौ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है। यह आयोजन आगामी 23 से 25 जनवरी 2026 तक जनजातीय संग्रहालय के समीप प्रस्तावित है।
सलाहकार समिति में अनंत विजय, डॉ. सुशील त्रिवेदी, सतीश कुमार पंडा, जयमति कश्यप, संजिव कुमार सिन्हा, शंशाक शर्मा, पंकज कुमार झा और विवेक आचार्य को शामिल किया गया है। समिति साहित्यकारों के चयन, विषय निर्धारण और आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में आयोजकों को विशेष सलाह देगी। जनसंपर्क संचालनालय के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल समिति के सदस्य सचिव होंगे।
नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार साहित्य उत्सव को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संकल्पना पर आधारित इस आयोजन की कार्ययोजना मात्र दो महीनों में पूरी कर ली गई है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में देशभर से 100 से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यकार शामिल होने वाले हैं।
कार्यक्रम में कुल 11 सत्र प्रस्तावित हैं, जिनमें 5 समानांतर सत्र, 4 सामूहिक सत्र, और 3 संवाद सत्र होंगे। इन सत्रों में साहित्यकारों और प्रतिभागियों के बीच सीधा संवाद और विचारों का आदान-प्रदान होगा। साहित्य प्रेमियों के लिए यह आयोजन नए विचारों, चर्चाओं और साहित्यिक ऊर्जा का एक बड़ा मंच साबित होगा।



