राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 की तैयारियाँ तेज: मंत्री गजेन्द्र यादव बोले—समन्वित प्रयासों से होगा भव्य आयोजन

बालोद/रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि सभी विभागों और अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से बालोद जिले में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 का भव्य और सफल आयोजन किया जाएगा। वे मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री यादव ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं और अब लक्ष्य है कि हर विभाग अपने दायित्व का उत्कृष्ट क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से बालोद को राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण मेजबानी का अवसर मिला है।
उन्होंने विभाग प्रमुखों से बारी-बारी चर्चा कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से पूरी कर ली जाएँ।
इन विभागों को मिली प्रमुख जिम्मेदारियाँ
- पुलिस विभाग – जंबूरी स्थल पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था
- उद्यानिकी विभाग – गमले और सजावटी फूल की व्यवस्था
- जनसंपर्क विभाग – प्रचार-प्रसार
- जल संसाधन विभाग – वॉटर स्पोर्ट्स
- वन विभाग – बांस और बल्ली
- पीएचई – पेयजल व शौचालय
- विद्युत विभाग – ट्रांसफार्मर और निर्बाध बिजली आपूर्ति
- पीडब्ल्यूडी – प्रवेश सड़क और हेलीपैड निर्माण
- नगरी निकाय – पानी टैंकर, सफाई व स्वच्छता व्यवस्था
- नगर सेना – अग्निशमन
- स्वास्थ्य विभाग – चिकित्सा सुविधाएँ
- परिवहन विभाग – वाहन व्यवस्था
जिले का भरोसा—तैयारियाँ होंगी बेहतर से बेहतर
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने मंत्री यादव को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की पूरी टीम समर्पण के साथ कार्य करते हुए जंबूरी को राष्ट्रीय स्तर का सफल आयोजन बनाएगी।
बैठक में जंबूरी डायरेक्टर अमर क्षेत्री, भारत स्काउट एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, डीपीआई डायरेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, सीईओ जिला पंचायत सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



