रायपुर में बागेश्वर धाम पर सियासी घमासान, CM विष्णुदेव साय ने भूपेश बघेल को दिया करारा जवाब…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रदेश दौरे को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पं. शास्त्री को “बीजेपी का एजेंट” कहे जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम साय ने कहा कि “हमारा देश ऋषि-मुनियों और संत-महात्माओं की परंपरा वाला देश है। यहां सदियों से संतों का सम्मान होता आया है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को बीजेपी का एजेंट कहना सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सनातन धर्म और बागेश्वर धाम का अपमान है। इसका फैसला जनता करेगी।”
दरअसल, पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भिलाई में आयोजित 5 दिवसीय हनुमंत कथा के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। उनके आगमन के साथ ही धर्मांतरण, अंधविश्वास और धर्म के मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कथावाचकों पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्हें पाखंडी बताया था। इसके जवाब में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि अगर हिंदू समाज को जोड़ना अंधविश्वास है, तो ऐसे लोगों को देश छोड़ देना चाहिए।
इस बयान के बाद भूपेश बघेल ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि “धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री छत्तीसगढ़ में धार्मिक आयोजनों की आड़ में पैसा बटोरने आते हैं और व्यवहार में बीजेपी के एजेंट की तरह काम करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि “जब शास्त्री पैदा भी नहीं हुए थे, तब से मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा हूं। वह कल का बच्चा है और हमें सनातन धर्म सिखाने चला है।”
दोनों पक्षों के तीखे बयानों के बीच अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मैदान में उतरने से यह मुद्दा पूरी तरह सियासी रंग ले चुका है। अब इस पूरे विवाद पर जनता का फैसला क्या होगा, इस पर सबकी नजर टिकी है।



