छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में होली पर 5 मिनट में पहुंचेगी पुलिस: सेंसिटिव इलाकों में ड्रोन से निगरानी, 3 हजार जवान तैनात

रायपुर, 02 मार्च 2026| रंगोत्सव के दौरान हुड़दंग और अव्यवस्था पर लगाम कसने के लिए रायपुर पुलिस ने इस बार सख्त और हाईटेक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, जबकि किसी भी सूचना या विवाद की स्थिति में पुलिस का रिस्पांस टाइम महज 5 मिनट तय किया गया है।

शहर को 3 सेक्टर में बांटा गया

रायपुर कमिश्नरेट ने पूरे शहर को तीन सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी डीसीपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है। कंट्रोल रूम से ड्रोन के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे साक्ष्य के रूप में उपयोग किया जा सके।

3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे ड्यूटी पर

होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये जवान सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार ड्यूटी पर रहेंगे। मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा।

ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल सवारी पर सख्ती

ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में 60 से ज्यादा चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। करीब 500 यातायात जवान प्रमुख स्थानों पर निगरानी करेंगे।

  • शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
  • तेज रफ्तार बाइक सवारों और ट्रिपल सवारी करने वालों को रोका जाएगा।
  • नियम तोड़ने पर वाहन सीधे थाने में जब्त किया जाएगा और चालक को पैदल घर भेजा जाएगा।

सिविल ड्रेस में क्राइम ब्रांच की टीम

नशे के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए 150 सदस्यीय क्राइम ब्रांच टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी। त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कमिश्नर की अपील

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नागरिकों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस का संदेश साफ है — रंगों का त्योहार खुशियों से मनाएं, कानून तोड़ने की कोशिश भारी पड़ेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button