300 CCTV खंगालकर पुलिस ने पकड़ा बाइक चोर गैंग: 19 साल का मास्टरमाइंड समेत 7 गिरफ्तार, 25 हजार में बेचते थे गाड़ियां

बिलासपुर, 27 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में 19 साल के मास्टरमाइंड सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चोरी की बाइक खरीदने वाले भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर टीम ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। जांच में मुख्य आरोपी साहिल मरावी का नाम सामने आया, जिसे मस्तूरी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह बिलासपुर, दुर्ग और जांजगीर जिले में सक्रिय था। आरोपियों ने बिलासपुर के सरकंडा, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से 4 बाइक, दुर्ग के मोहन नगर से 1 और जांजगीर से 1 बाइक चोरी की थी। पुलिस ने कुल 6 बाइक बरामद की है, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है।
गिरोह के सदस्य चोरी की बाइक को गांव के लोगों को 20 से 25 हजार रुपए में बिना किसी दस्तावेज के बेच देते थे। इस मामले में बाइक खरीदने वाले तीन लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस सफलता पर एसएसपी ने टीम को कैश रिवार्ड देने की घोषणा की है।



