धर्म बदलवाने का गुप्त अड्डा! बिलासपुर के सूने घर में प्रार्थना सभा की आड़ में रूपांतरण का खेल, पुलिस ने 6 को दबोचा…

गहवई, बिलासपुर. मस्तूरी थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर मंगलवार को माहौल गरमा गया. एक सूने घर में गुप्त रूप से प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी. आरोप है कि इसी प्रार्थना सभा की आड़ में करीब 70 लोगों को बहकाकर उनका धर्मांतरण कराया जा रहा था. हिंदू संगठन के सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया.
सूत्रों के अनुसार, घर में शामिल लोगों को आर्थिक मदद और लालच का हवाला देकर कहानी सुनाई जा रही थी. इसी बात का विरोध करते हुए हिंदू संगठन ने जमकर हंगामा किया और पुलिस से शिकायत की. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग घर से निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस ने पति गोरेलाल टंडन और पत्नी सद्रोहा टंडन के साथ कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया है. सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तरह की गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।



