पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना का बड़ा असर: उपभोक्ता बन रहे ऊर्जादाता, बिजली बिल हुआ शून्य

रायपुर, 29 नवम्बर 2025।केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना’ अब आम जनता की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला रही है। योजना के तहत लोग न केवल अपनी घरेलू बिजली जरूरतें पूरी कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर ऊर्जादाता भी बन रहे हैं। अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र में इसके बेहद सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
बिजली बिल हुआ पूरी तरह शून्य, मिली 1.08 लाख की सब्सिडी
अम्बिकापुर के भगवानपुर वार्ड क्रमांक 1 निवासी कमलेश तिवारी ने अपने घर की छत पर योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाया है। उन्होंने बताया कि योजना से जुड़ने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है।
उन्हें केंद्र और राज्य सरकार से ₹1,08,000 की सौर सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे कुल लागत में काफी राहत मिली। सोलर सिस्टम से घर की सभी आवश्यकताएँ पूरी हो जाती हैं और बची हुई बिजली को वे सीधे विद्युत विभाग को बेचकर अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर रहे हैं। विभाग वर्ष के अंत में इस अतिरिक्त बिजली का भुगतान करेगा।
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, पर्यावरण संरक्षण में योगदान
कमलेश तिवारी ने बताया कि यह योजना न केवल घरों को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देकर पर्यावरण सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल से छुटकारा पाएं और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करें।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सौर सब्सिडी आम परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है और यह योजना ऊर्जा क्रांति की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रही है।



