छत्तीसगढ़
Trending

हर घर जल से बदली तस्वीर: बिराजपाली में अब घर-घर नल से मिल रहा स्वच्छ पानी

रायपुर, 2 अप्रैल 2026। महासमुंद जिला के पिथौरा विकासखंड स्थित ग्राम बिराजपाली ने “हर घर जल” का लक्ष्य हासिल कर एक मिसाल पेश की है। जहां कभी ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप और दूरस्थ स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब हर घर तक नल के जरिए स्वच्छ पानी पहुंच रहा है।

21 फरवरी 2026 को गांव का “हर घर जल” के तहत सफल प्रमाणीकरण किया गया। योजना के अंतर्गत 182 घरों को नल कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिल रहा है। जल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए 94.27 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता की ओवरहेड टंकी बनाई गई है और करीब 2270 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।

गांव में 13 हैंडपंप और 3 पावर पंप भी उपलब्ध हैं, जो जल स्रोतों को अतिरिक्त मजबूती प्रदान करते हैं। योजना के संचालन और रखरखाव के लिए ग्राम जल समिति का गठन किया गया है, जो हर परिवार से 60 रुपये प्रतिमाह जलकर के रूप में संग्रह कर रही है।

इस उपलब्धि में सरपंच एतराम साहू और सचिव पुष्पलता चौहान के नेतृत्व के साथ ग्रामीणों के सहयोग की अहम भूमिका रही है। ग्रामीण श्याम बाई बताती हैं कि अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।

“हर घर जल” योजना ने बिराजपाली में न केवल जल संकट को खत्म किया है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी बड़ा सुधार लाया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button