जगदलपुर में पिकनिक बना हादसा: कोलाब नदी में डूबा CISF सब-इंस्पेक्टर, 24 घंटे से रेस्क्यू जारी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर पर स्थित गुलमी क्षेत्र में पिकनिक मनाने गया CISF का एक जवान कोलाब नदी में डूब गया। तेज बहाव की चपेट में आने के बाद जवान लापता हो गया है। पिछले 24 घंटे से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
तेज बहाव बना जानलेवा
घटना कोलाब नदी में हुई, जिसे स्थानीय लोग पिकनिक स्पॉट के रूप में जानते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी का बहाव बेहद तेज और खतरनाक था। इसी दौरान CISF का जवान पानी में उतरा और देखते ही देखते गहराई में समा गया।
SDRF और NDRF की टीमें मौके पर
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बाद में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी बुलाया गया। गोताखोरों और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में तलाश जारी है।
NMDC प्लांट में था पदस्थ
डूबा हुआ जवान नगरनार स्थित एनएमडीसी प्लांट में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों और साथी जवानों में शोक का माहौल है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोलाब नदी जैसे तेज बहाव वाले इलाकों में बिना सुरक्षा इंतजामों के नदी में न उतरें। बरसात या जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ऐसे स्थान और भी ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही जवान का पता चल सकेगा।



