छत्तीसगढ़
Trending

ब्रिलियंट स्कूल पर भड़के अभिभावक: CBSE पैटर्न से पढ़ाई, लेकिन CG बोर्ड से परीक्षा; रात में स्कूल में हंगामा

बिलासपुर। शहर के ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल (मिशन अस्पताल कैंपस) में सोमवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब अभिभावकों को पता चला कि बच्चों की पढ़ाई CBSE पैटर्न से कराई गई, लेकिन परीक्षा छत्तीसगढ़ बोर्ड से दिलाई जा रही है। इस मामले को लेकर 30 से अधिक अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन का घेराव किया और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की तीन शाखाएं संचालित हो रही हैं। इनमें मिशन अस्पताल परिसर स्थित शाखा में बड़ी संख्या में अभिभावक और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन वर्षों से इसे CBSE पैटर्न का स्कूल बताकर प्रवेश दिलाता रहा और उसी अनुसार पढ़ाई भी कराई गई। लेकिन हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दोबारा शुरू किए जाने के बाद यह मामला सामने आया। स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को CG बोर्ड की परीक्षा दिलाने की बात कही, जिससे अभिभावकों में आक्रोश फैल गया।

परीक्षा से एक दिन पहले बदला सिलेबस

अभिभावकों का कहना है कि मंगलवार से आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है और पहला पेपर गणित का है। लेकिन परीक्षा से ठीक एक दिन पहले यानी सोमवार शाम को स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्रों को CG बोर्ड का सिलेबस भेज दिया गया।

अभिभावकों के मुताबिक बच्चों ने पूरे साल CBSE पैटर्न से पढ़ाई की है, ऐसे में अचानक CG बोर्ड के सिलेबस से परीक्षा देना उनके लिए बेहद मुश्किल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब 8 बजे स्कूल प्रबंधन की ओर से परीक्षा का मैसेज भेजा गया, जिससे छात्र और अभिभावक दोनों ही तनाव में हैं।

सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में

इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि मान्यता और बोर्ड को लेकर स्थिति पहले स्पष्ट क्यों नहीं की गई। इस लापरवाही के कारण सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है और रिजल्ट खराब होने की आशंका बनी हुई है।

अभिभावकों ने मांग की है कि शिक्षा विभाग तुरंत हस्तक्षेप कर मामले की जांच करे और छात्रों के हित में उचित निर्णय ले, ताकि उनके भविष्य पर संकट न आए।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button