वन विभाग में हड़कंप: रेंजर और डिप्टी रेंजर ने मांगी थी मोटी रिश्वत, एसीबी ने फंसाया 50 हजार के साथ

मुंगेली। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई तेज हो गई है। आज ACB बिलासपुर टीम ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने वाहन छोड़ने और चालान जल्दी पेश करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता अजीत कुमार वैष्णव की शिकायत के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपये देने के बाद दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिछले दो वर्षों में यह एसीबी की 45वीं ट्रैप कार्रवाई है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग करने पर तुरंत सूचित करें।



