कवर्धा : रेंगाखार के स्कूलों में फिर हड़कंप – तीन छात्राएं अचानक बेहोश, अस्पताल में अधीक्षिका ने करवाया टोटका… अभिभावक बेटियों को घर ले गए

कवर्धा जिले के वनांचल गांव रेंगाखार में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब माध्यमिक और हाईस्कूल की तीन छात्राएं अचानक चीखते हुए बेहोश होकर गिर पड़ीं। यह घटना लगभग 12:30 बजे की है। तीनों छात्राएं बालिका छात्रावास में रहने वाली हैं।
अस्पताल में डॉक्टर ने नहीं समझी स्थिति, अधीक्षिका बोली – “भूत-प्रेत का असर”
छात्राओं की हालत बिगड़ने पर तुरंत रेंगाखार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां मौजूद डॉक्टर ने कुछ मिनट तक जांच की, लेकिन स्थिति समझ न पाने पर लौट गए। बताया जा रहा है कि डॉक्टर की यह पहली पोस्टिंग है और ऐसी परिस्थितियों का अनुभव नहीं है।
इसी दौरान छात्रावास की अधीक्षिका राधिका खुसरे भी अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने इसे भूत-प्रेत का असर बताते हुए एक कथित बैगा को बुलवा लिया। अस्पताल के एक कोने में बैठाकर दो घंटे तक टोटका और झाड़फूंक की जाती रही। चिल्लाती-बिलखती छात्राओं पर लगातार टोटके किए गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
अभिभावकों का अस्पताल में पहुंचना, बेटियों को साथ ले गए
घटना की जानकारी पाकर अभिभावक अस्पताल पहुंचे और बेटियों को घर ले गए। पिछले पाँच दिनों में यह तीसरी बार है जब स्कूल और छात्रावास में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। 15–16 नवंबर को भी 8–10 छात्राएं अचानक बेहोश हो चुकी थीं और तब भी अधीक्षिका ने “भूत-प्रेत” का हवाला देकर सभी को घर भेज दिया था।
बीएमओ ने जताई आपत्ति – करेंगे कार्रवाई
बोड़ला बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत ने घटना पर असहमति जताई और कहा कि अस्पताल परिसर में इस तरह के टोटके नहीं होने चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
छात्राओं में दहशत
स्कूल और छात्रावास में लगातार ऐसी घटनाओं से अन्य छात्राओं में भय का माहौल है। अभिभावक भी बच्चियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।
कवर्धा का यह मामला एक बार फिर सिस्टम, जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़े सवाल खड़ा करता है।



