15 नवंबर से छत्तीसगढ़ में शुरू होगी धान खरीदी — CM विष्णु देव साय बोले, “हर पंजीकृत किसान का धान खरीदेगी सरकार”

रायपुर. छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन सत्र 2024-25 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समर्थन मूल्य पर सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदेगी। किसानों को समय पर भुगतान और खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य किया है। पोर्टल से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-233-1030 पर संपर्क कर सकते हैं।
अब तक 21.47 लाख किसानों ने कराया पंजीकरण
पिछले वर्ष राज्य के 25.49 लाख किसानों ने धान विक्रय किया था। वर्तमान वर्ष में अब तक 21.47 लाख किसानों ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया है। बाकी किसान 31 अक्टूबर 2025 तक अपने निकटतम सहकारी समिति या निर्धारित केंद्र में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। इस संबंध में सभी समितियों और जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि एग्रीस्टैक पोर्टल छत्तीसगढ़ की डिजिटल कृषि क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा, जो धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सटीक और किसान हितैषी बनाएगा।
पिछले सीजन में रिकॉर्ड 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी
पिछले खरीफ सीजन में छत्तीसगढ़ में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड 149.25 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। इसमें 81.98 लाख मीट्रिक टन मोटा धान, 10.75 लाख मीट्रिक टन पतला धान और 56.52 लाख मीट्रिक टन सरना धान शामिल था।
धान खरीदी का सिलसिला 14 नवंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक चला, जिसमें 25.49 लाख किसानों ने धान विक्रय किया। किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 31,089 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था।
जिलावार आंकड़ों में महासमुंद जिला पहले स्थान पर (11.04 लाख मीट्रिक टन), बेमेतरा दूसरे (9.38 लाख मीट्रिक टन) और बलौदाबाजार-भाटापारा तीसरे (8.56 लाख मीट्रिक टन) स्थान पर रहा था।
🟢 मुख्य बातें:
- धान खरीदी की शुरुआत – 15 नवंबर 2025 से
- पंजीयन की अंतिम तिथि – 31 अक्टूबर 2025
- सहायता नंबर – 1800-233-1030
- पिछले सीजन में रिकॉर्ड 149.25 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी
- एग्रीस्टैक पोर्टल से पारदर्शी और डिजिटल खरीदी व्यवस्था



