
रायपुर, 14 नवंबर 2025 — छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसको लेकर राज्यभर के सभी 2739 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो तथा उपार्जन केंद्रों में सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध हों।
जिलों में कलेक्टरों सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। सभी केंद्रों में बारदानों की उपलब्धता, फड़, चबूतरा, पीने के पानी, बैठने की छायादार व्यवस्था जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। खरीदे गए धान के त्वरित उठाव के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सरकार ने धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए राज्य सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। उपार्जन केंद्रों में ड्रेनेज, तारपोलिन और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जा रही है ताकि सुरक्षा और निगरानी में किसी तरह की कमी न रहे।
धान खरीदी से जुड़े अधिकारियों को उचित संख्या में ही टोकन जारी करने और समय से स्टेक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम की स्थिति में भी व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अग्रिम प्लान तैयार है।
सहकारिता विभाग ने सभी समितियों में माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिससे किसान तत्काल खर्चों के लिए आवश्यक राशि निकाल सकेंगे।
राज्य सरकार का दावा है कि इस बार धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुगम, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया गया है।



