
रायपुर। राजधानी में महादेव सट्टा सिंडिकेट की तर्ज पर वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले गिरोह का कबीर नगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खंडहर मकान में बैठकर ramco777.com, wood777.com और powerexch.com वेबसाइट के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 18 लाख 45 हजार रुपए नकद, कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 25 से अधिक एटीएम व क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी शामिल हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे पकड़ा गया गिरोह
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिरंगा चौक फेस-02, कबीर नगर के पास एक खंडहर में कुछ युवक ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दीपक सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और गौरव सचदेवा को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से लाखों रुपए नकद, मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी ओम खेमानी का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने छठ तालाब हीरापुर क्षेत्र से उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 3.11 लाख रुपए नगद, तीन मोबाइल और बड़ी संख्या में एटीएम-क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए।
मास्टर आईडी से चलता था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि आरोपी मास्टर आईडी के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन सट्टे की आईडी उपलब्ध कराते थे। क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाकर रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी और बाद में उसे निकाल लिया जाता था।
पुलिस अब बैंक खातों की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। खासतौर पर मास्टर आईडी बनाने और सप्लाई करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। राजधानी में लगातार बढ़ रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।



