छत्तीसगढ़
Trending

नगरीय निकायों के जनादेश का एक साल: सुशासन-विकास पर जनता की मुहर, रायगढ़ में महापौर से मिले विष्णु देव साय

रायपुर, 16फरवरी 2026।प्रदेश के नगरीय निकायों में पिछले वर्ष मिले ऐतिहासिक जनादेश को जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह परिणाम सुशासन, पारदर्शिता और विकास के प्रति जनता की स्पष्ट आस्था को दर्शाता है।

रायगढ़ प्रवास के दौरान उन्होंने महापौर जीवर्धन चौहान से भेंट कर एक वर्ष पूर्व इसी तिथि को मिले जनादेश का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साधारण चाय विक्रेता से महापौर तक चौहान की यात्रा लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति और जनता के आशीर्वाद का जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नगरीय निकाय चुनावों में किए गए हर वादे को धरातल पर उतार रही है। शहरों में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में लगातार प्रगति हो रही है। शहरी क्षेत्रों में सुशासन की स्थापना और नागरिकों को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि आवास, जल आपूर्ति, सीवरेज, हरित सार्वजनिक परिवहन, डिजिटल सेवाएं और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बड़ी संख्या में आवास पूरे हुए हैं, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और गार्बेज-फ्री सिटी रेटिंग में बेहतर प्रदर्शन हुआ है। अमृत 2.0 से जल एवं सीवेज परियोजनाओं को गति मिली है और ई-बस सेवा से पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर जैसे अध्ययन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है तथा “मोर संगवारी सेवा” और ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म से नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं मिल रही हैं।

अंत में उन्होंने सभी महापौरों और नगरीय निकाय प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और शहरों को आधुनिक, समृद्ध व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button