वीर बाल दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने गुरुद्वारा में टेका मत्था, बोले – साहिबजादों की वीरता देश की आत्मा

रायपुर, 27 दिसंबर 2025।वीर बाल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी के रेलवे स्टेशन स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर साहिबजादों की शहादत को नमन किया और मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं और उनके परिवारों ने देश और धर्म की रक्षा के लिए जो बलिदान दिए हैं, वह भारत के स्वर्णिम इतिहास की अमर गाथा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह के छोटे साहिबजादे – फतेह सिंह और जोरावर सिंह ने बहुत छोटी उम्र में अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर इतिहास रच दिया। उनकी शहादत हमें सिखाती है कि सच्चाई, साहस और आत्मसम्मान ही सबसे बड़ी ताकत है।
सीएम साय ने बताया कि सिख समाज की मांग पर राज्य सरकार ने साहिबजादों के बलिदान की गाथा को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया है। अब कक्षा तीसरी से ही बच्चों को साहिबजादों की वीरता और त्याग के बारे में पढ़ाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और साहस से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने कहा कि देश के ऐसे महान वीरों को इतिहास में उनका पूरा स्थान नहीं मिला था, लेकिन वीर बाल दिवस की शुरुआत कर उनकी गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष सुरेन्दर सिंह छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



