
रायपुर। दीपावली का पर्व धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा करने से जीवन में सुख-शांति और सफलता आती है। शास्त्रों में बताया गया है कि यदि दीवाली पूजन के दौरान विशेष भोग और पुष्प अर्पित किए जाएं, तो देवी-देवताओं की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
मां लक्ष्मी को लगाएं केसर की खीर का भोग
दीवाली की पूजा में मां लक्ष्मी को केसर की खीर का भोग लगाना अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि इससे धन की देवी प्रसन्न होकर साधक के घर धन-धान्य से भर देती हैं। वहीं, भगवान गणेश को लड्डू का भोग अर्पित करना चाहिए, क्योंकि लड्डू गणेश जी का प्रिय भोग है। पूजा के बाद इस प्रसाद को परिवारजनों और आसपास के लोगों में बांटने से पुण्य और बढ़ जाता है।
अर्पित करें सफेद और कमल के फूल
पूजन के दौरान मां लक्ष्मी को सफेद फूल जैसे चमेली या कमल के फूल अर्पित करना शुभ फलदायी होता है। इसके साथ अपराजिता की जड़ चढ़ाने से भी देवी-देवताओं की विशेष कृपा प्राप्त होती है। कहा जाता है कि ऐसा करने से घर में स्थायी सुख-शांति बनी रहती है।
गणेश जी को चढ़ाएं हल्दी, अक्षत और दूर्वा
दीवाली पूजन में भगवान गणेश को हल्दी, अक्षत और 21 दूर्वा अर्पित करना चाहिए। इससे बाधाएं दूर होती हैं और जीवन में खुशहाली आती है। लक्ष्मी-गणेश की पूजा में गुलाब का इत्र, अनार और सफेद तिल चढ़ाने से सभी रुके हुए कार्य बनने लगते हैं और धन की प्राप्ति के नए मार्ग खुलते हैं।