राज्यसभा के लिए नामांकन: भाजपा की लक्ष्मी वर्मा, कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम मैदान में; विधानसभा में समर्थकों की भीड़

रायपुर: छत्तीसगढ़ से खाली हो रही राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों ने अपना-अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा की ओर से उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक उनके प्रस्तावक बने। नामांकन दाखिल करने के मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे। विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

वहीं कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम ने भी गुरुवार को नामांकन दाखिल किया। उनके साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक उमेश पटेल सहित कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दरअसल, छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से एक सीट फूलोदेवी नेताम और दूसरी केटीएस तुलसी की है, जिनका कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस ने एक बार फिर फूलोदेवी नेताम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को मैदान में उतारा है।
फिलहाल प्रदेश से राज्यसभा में पांच सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल जून 2028 तक है, जबकि भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक जारी रहेगा। राज्यसभा चुनाव को लेकर अब प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।


