
रायपुर, 6 दिसंबर 2025।एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शंकरगढ़ की मेधावी छात्रा निहारिका नाग ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है। साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाली निहारिका ने उद्भव 2025 – राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कला उत्सव में मिट्टीकला श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
मिट्टीकला में दिखाई अद्भुत प्रतिभा
कक्षा 11वीं की छात्रा निहारिका की मिट्टीकला में रुचि विद्यालय में प्रवेश के बाद और निखरी। बेहतर संसाधन, अनुकूल वातावरण और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के सहयोग से निहारिका ने अपनी कला को नया आयाम दिया।
राज्य स्तर पर स्वर्ण, राष्ट्रीय स्तर पर भी परचम
निहारिका ने पहले जगदलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया। इसके बाद आंध्र प्रदेश में आयोजित 6वीं ईएमआरएस राष्ट्रीय कला उत्सव उद्भव 2025 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
शिक्षकों के मार्गदर्शन ने दी उड़ान
निहारिका की सफलता में कला शिक्षक राहुल जंघेल और प्राचार्य संजय कुमार तिर्की का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने निहारिका को अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में खुशी की लहर
निहारिका की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी उपलब्धियों का सपना देखते हैं।
निहारिका नाग ने साबित किया है कि मेहनत, अवसरों का सदुपयोग और सही मार्गदर्शन किसी भी विद्यार्थी को नई पहचान दिला सकता है। छत्तीसगढ़ की यह होनहार प्रतिभा अब आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छूने की तैयारी में है।



