रामअवतार जग्गी हत्याकांड में नया मोड़: अमित जोगी और सतीश जग्गी कोर्ट में होंगे पेश, नोटिस तामिली रायपुर एसपी को

बिलासपुर, 26 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ के चर्चित नेता रामअवतार जग्गी हत्याकांड की फाइल एक बार फिर खुल गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की डिवीजन बेंच ने सतीश जग्गी और आरोपी अमित जोगी को नोटिस जारी कर, अपने वकील के साथ कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। नोटिस तामिली की जिम्मेदारी रायपुर एसपी को दी गई है।
सीबीआई और राज्य की ओर से उपस्थित अधिवक्ताओं ने कोर्ट को बताया कि राज्य ने 31 मई 2007 को निचली अदालत के बरी करने के फैसले के खिलाफ अपील की अनुमति मांगी थी, लेकिन समन्वय पीठ ने इसे खारिज कर दिया था। इसके बाद सतीश जग्गी और सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
सुप्रीम कोर्ट ने 6 नवंबर 2025 के आदेश के तहत याचिका दायर करने में हुई देरी को क्षमा किया है और अब मामला पुनर्विचार के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट में लौटाया गया है।



