DSP कल्पना वर्मा केस में नया मोड़: होटल कारोबारी दीपक टंडन के बड़े आरोप, SSP ऑफिस में 4 घंटे पूछताछ

रायपुर। होटल कारोबारी दीपक टंडन और DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवादित मामले में एक बार फिर सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं। दीपक टंडन ने DSP कल्पना वर्मा और उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए DGP अरुणदेव गौतम और IG अमरेश मिश्रा को लिखित शिकायत सौंपी है। आरोपों के बाद महिला DSP से SSP कार्यालय में करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई।
दीपक टंडन का दावा है कि वह रायपुर के गायत्री नगर के निवासी हैं और पिछले पांच वर्षों से DSP कल्पना वर्मा के संपर्क में थे। इस दौरान पारिवारिक नजदीकियां भी रहीं। टंडन ने आरोप लगाया कि धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के जरिए उन्हें और उनके कारोबार को ₹2 करोड़ से अधिक का नुकसान पहुंचाया गया।
महादेव सट्टा एप पैनल चलाने का दबाव
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि DSP कल्पना वर्मा ने दंतेवाड़ा में महादेव सट्टा एप का पैनल संचालित करने का दबाव बनाया। प्रस्ताव ठुकराने के बाद रिश्ते बिगड़े और बाद में पूरी तरह खत्म हो गए। टंडन ने दावा किया है कि उनके पास इससे जुड़े मोबाइल चैट और डिजिटल सबूत मौजूद हैं, जिन्हें शिकायत के साथ संलग्न किया गया है।
होटल एटमॉसफेरिया हड़पने का आरोप
दीपक टंडन का आरोप है कि DSP कल्पना वर्मा, उनके पिता हेमंत वर्मा और भाई राकेश वर्मा ने साजिश के तहत VIP रोड स्थित होटल एटमॉसफेरिया को गैर-कानूनी तरीके से अपने नाम रजिस्टर करा लिया। टंडन के मुताबिक होटल सौदे में RTGS के जरिए ₹30 लाख का भुगतान किया गया था, इसके अलावा नगद और अन्य लेन-देन भी हुए।
ब्लैकमेलिंग, धमकी और जान का खतरा
टंडन ने आरोप लगाया कि मतभेद बढ़ने के बाद उन्हें तलाक के लिए दबाव, फर्जी मामलों में जेल भेजने की धमकी, और पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड वाहन पर कब्जा जैसे कदमों से ब्लैकमेल किया गया। कारोबारी का कहना है कि उनका पूरा परिवार डरा हुआ है और जान का खतरा महसूस कर रहा है।
पत्नी ने भी लगाए गंभीर आरोप
दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन ने भी आरोप लगाए हैं कि DSP कल्पना वर्मा ने ₹45 लाख का चेक लेने का दबाव बनाया, राशि निकाल ली गई और बाद में उन्हीं के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। दंपति ने स्क्रीनशॉट्स और चैट सबूत भी सौंपे हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।



