कुनकुरी विधानसभा में विकास की नई गति : वित्त विभाग ने सड़क, सिंचाई और मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं को दी प्रशासकीय स्वीकृति, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया स्वागत

रायपुर, 11 नवंबर 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास को नई गति मिल रही है। जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के लिए वित्त विभाग ने प्रमुख परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति और सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में कनेक्टिविटी, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।
वित्त विभाग ने तुमला से मेडर (ओडिशा सीमा) तक 12.80 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए ₹27.73 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस मार्ग के बन जाने से सीमावर्ती गांवों की कनेक्टिविटी सुधरेगी और व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बल मिलेगा।
विकासखंड कांसाबेल की मैनी नदी पर बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई योजना के लिए ₹79.38 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इससे किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
कुनकुरी में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु ₹359 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है। यह परियोजना आदिवासी अंचल के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का अवसर और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
साथ ही, विकासखंड फरसाबहार की कोकिया व्यपवर्तन योजना के लिए ₹16.17 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र में सिंचाई और जल प्रबंधन को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में विकास के इन प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र की बुनियादी संरचना मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।


