छत्तीसगढ़ में सुशासन का नया अध्याय: नवा रायपुर में देश का पहला स्मार्ट पंजीयन कार्यालय शुरू, 15-20 मिनट में होगी रजिस्ट्री

रायपुर, 30 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर नवा रायपुर के अटल नगर में देश का पहला अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय आज से शुरू हो गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उद्घाटन किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

इस मौके पर रायपुर की वीणा देवांगन ने सेल डीड कराई और कैशलेस डिजिटल भुगतान कराकर पंजीकरण प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
पीपीपी मॉडल पर आधारित – तेज और पारदर्शी रजिस्ट्री
यह कार्यालय पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार किया गया है, जिससे नागरिक अब भीड़भाड़ वाले सरकारी दफ्तरों में समय गंवाए बिना 12-15 मिनट में रजिस्ट्री कर सकेंगे। पासपोर्ट और एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ यह कार्यालय नागरिकों को आधुनिक, सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं देगा।
आधुनिक सुविधाएँ – नागरिकों के लिए बेहतर अनुभव
- वातानुकूलित और आरामदायक परिसर
- फ्री वाई-फाई और चार्जिंग स्टेशन
- क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड
- प्रशिक्षित हेल्पडेस्क स्टाफ
- स्वच्छ पेयजल और एयरपोर्ट-स्टाइल वाशरूम
117 कार्यालयों को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ सरकार अगले एक वर्ष में प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य रख चुकी है। पहले चरण में 10 कार्यालयों का विकास किया जा रहा है, जिसमें नवा रायपुर का यह कार्यालय पूरी तरह तैयार है। इस मॉडल की सफलता के बाद भारत सरकार भी देशभर में इसी तरह के पंजीयन कार्यालय स्थापित करने पर विचार कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय प्रदेश में सुशासन और नागरिक सुविधाओं के नए युग की शुरुआत है। यह पहल छत्तीसगढ़ को एक कल्याणकारी राज्य के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी। नागरिक सुविधा ही सुशासन का मूल आधार है।”
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा, “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय सरकार की सुविधा, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ अन्य नागरिक सेवाओं में भी देश का नेतृत्व करेगा।”
नवा रायपुर का स्मार्ट पंजीयन कार्यालय अब नागरिकों के लिए सुविधा, तेजी और भरोसे का नया अनुभव लेकर आया है, जो सुशासन की नई पहचान साबित होगा।



