छत्तीसगढ़
Trending

रायगढ़ में ठेकेदारों की लापरवाही : नीलामेश मेन पावर और यशराज स्टील्स फर्म ब्लैकलिस्ट, निगम कमिश्नर ने कहा- बख्शा नहीं जाएगा

रायगढ़, 12 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम ने कार्यों में लापरवाही और अनुबंध उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। सफाई ठेकेदार नीलामेश मेन पावर प्राइवेट लिमिटेड को आगामी 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। वहीं, सीसी सड़क निर्माण में गुणवत्ताविहीन कार्य करने वाली यशराज स्टील्स फर्म को भी ब्लैकलिस्ट किया गया।

नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर के नाला-नाली, सीसी सड़क, चबूतरा, सामुदायिक भवन और डामरीकृत सड़कों समेत सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं।

सफाई ठेकेदार पर कार्रवाई

बिलासपुर की ठेकेदार कंपनी ने सफाई कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं दिया और ईपीएफ राशि जमा करने में भी देरी की। सुरक्षा जैकेट, एप्रन और फोटोयुक्त पहचान पत्र भी उपलब्ध नहीं कराए गए। अनुबंध का पालन नहीं करने और कर्मचारियों से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के कारण कंपनी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया और उसकी अमानत राशि भी राजसात कर ली गई।

सड़क निर्माण में भी लापरवाही

वार्ड क्रमांक 40 में 26 लाख रुपए के सीसी सड़क निर्माण कार्य और वार्ड क्रमांक 29 में अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा के उल्लंघन पर यशराज स्टील्स फर्म को ब्लैकलिस्ट किया गया।

निगम कमिश्नर का निर्देश

बृजेश सिंह क्षत्रिय ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से समझौता करने और समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया को सभी ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम की यह कार्रवाई यह संदेश देती है कि रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में अनुशासन और गुणवत्ता के साथ ही समयबद्ध निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button