नवा रायपुर मेडिसिटी: मध्य भारत का सबसे बड़ा हेल्थ हब बनने की ओर छत्तीसगढ़, 200 एकड़ में तैयार हो रहा ‘हेल्थ सिटी’ का भविष्य

रायपुर, 29 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार नवा रायपुर अटल नगर को मध्य भारत के सबसे बड़े हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। ‘नवा रायपुर मेडिसिटी’ परियोजना न केवल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का आधार बन रही है, बल्कि भारत के विकसित राष्ट्र के संकल्प—2047—की मजबूत नींव भी स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में यह परियोजना देश की अग्रणी और भविष्यगामी स्वास्थ्य पहल के रूप में तेजी से आगे बढ़ रही है।
नवा रायपुर पहले से ही शिक्षा, आधुनिक शहरी ढांचे, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। अब मेडिसिटी इसे राष्ट्रीय स्तर पर हेल्थकेयर की राजधानी के रूप में स्थापित करने जा रही है। रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, मजबूत कनेक्टिविटी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाओं के साथ नवा रायपुर न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के करोड़ों लोगों के लिए उन्नत उपचार का प्रमुख गंतव्य बनेगा।
सेक्टर 36–37 में 200 एकड़ में विकसित हो रही इस मेडिसिटी में 5,000 से अधिक बेड क्षमता वाले मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल यूनिवर्सिटी, नर्सिंग कॉलेज, रिसर्च संस्थान और अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक्स लैब शामिल होंगे। कार्डियोलॉजी, कैंसर साइंस, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसे critical care सेक्टर पर विशेष फोकस रखा गया है। साथ ही वॉक-टू-हॉस्पिटल मॉडल, ग्रीन डिजाइन और सुगम सार्वजनिक परिवहन प्रणाली पूरे परिसर को ह्यूमन-सेंट्रिक हेल्थ सिटी के रूप में विकसित करेंगे।
नवा रायपुर में पहले से सक्रिय श्री सत्य साई संजीवनी बाल हृदय अस्पताल और बालको कैंसर हॉस्पिटल जैसी संस्थाएँ इस हेल्थ नेटवर्क को और मज़बूत आधार प्रदान करती हैं। संजीवनी हॉस्पिटल पिछले एक दशक से भारत सहित कई पड़ोसी देशों के बच्चों के लिए विश्वस्तरीय हृदय उपचार का केंद्र रहा है। वहीं बालको कैंसर हॉस्पिटल केंद्रीय भारत के 500–600 किमी दायरे में कैंसर उपचार का आधुनिक केंद्र है।
मेडिसिटी केवल स्वास्थ्य परियोजना नहीं बल्कि आर्थिक गतिविधियों का बड़ी पैमाने पर विस्तार भी है। हेल्थ, फार्मा, वेलनेस, मेडिकल एजुकेशन और सेवा क्षेत्रों में हजारों नए रोजगार सृजित होंगे। आसपास के क्षेत्रों में आवास, व्यवसाय और सर्विस इंडस्ट्रीज़ का विस्तार राज्य की जीडीपी को नई मजबूती देगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अनुसार, “नवा रायपुर मेडिसिटी छत्तीसगढ़ की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का इंजन बनेगी। यह परियोजना न केवल उन्नत चिकित्सा सुविधाएँ देगी बल्कि स्वास्थ्य, फार्मा और शिक्षा क्षेत्रों में व्यापक रोजगार और आर्थिक अवसर पैदा करेगी।”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे मध्य भारत में स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत बताते हुए कहा, “नवा रायपुर मेडिसिटी आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र को अत्याधुनिक, सस्ती और सुलभ चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करेगी। यह भारत के स्वस्थ भविष्य की नई आधारशिला है।”
नवा रायपुर मेडिसिटी आने वाले दशक में न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के स्वास्थ्य परिदृश्य को नई दिशा देगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श हेल्थ सिटी के रूप में उभरेगी।



