छत्तीसगढ़
Trending

मुंगेली की सुप्रिया सिंह ने CDS परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक हासिल किया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित

रायपुर, 18 फरवरी 2026 // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त करने वाली मुंगेली की सुप्रिया सिंह को सम्मानित किया। उन्होंने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रिया की उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाला युवा भी असाधारण सफलता हासिल कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रिया का अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और युवाओं को इससे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार भी उपस्थित रहे।

साधारण परिवेश से असाधारण सफलता तक
ग्राम टेढ़ाधौंरा निवासी सुप्रिया सिंह एक किसान परिवार से हैं। उनके माता-पिता, संतोषी सिंह और वैदेही शरण सिंह, ने उन्हें शिक्षा और संस्कारों का मजबूत आधार दिया। सुप्रिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की और कक्षा 10वीं में 71 प्रतिशत तथा 12वीं में 58 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके बाद उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन) में स्नातक की डिग्री हासिल की।

इंजीनियरिंग के दौरान एनसीसी में सक्रिय रहते हुए उन्होंने जूनियर अंडर ऑफिसर का पद प्राप्त किया। एनसीसी प्रशिक्षण ने उनके भीतर अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया। इसी से भारतीय सेना में अधिकारी बनने का उनका संकल्प आकार लेने लगा।

दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम का परिणाम
सुप्रिया ने वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद सीडीएस परीक्षा की तैयारी पूरी एकाग्रता के साथ शुरू की। कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने एसएसबी साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की। उनकी यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरक कहानी है।

सुप्रिया सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं और नृत्य उनकी प्रमुख रुचि है, जो उनके व्यक्तित्व को ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है। सुप्रिया सिंह की यह उपलब्धि न केवल मुंगेली बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button