
मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए सनसनीखेज युवक अपहरण और हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें पूरा षड्यंत्र रचने वाला मास्टरमाइंड भी शामिल बताया जा रहा है। मामले में एक आरोपी के स्थानीय पार्षद होने की चर्चा ने इस प्रकरण को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले युवक का दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया था। कुछ ही घंटों बाद उसे उसके घर के बाहर अधमरी हालत में फेंक दिया गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही युवक की मौत हो गई।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे, जिससे स्पष्ट होता है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच तेज की और साइबर सेल व तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की पहचान की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार पांच आरोपियों में से एक इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। इसके अलावा कुछ और लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इधर, मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



