विधायक अनुज शर्मा के प्रयास रंग लाए: खरोरा में इंडोर स्टेडियम और मैदान के लिए ₹3 करोड़ की मंजूरी

रायपुर/खरोरा। खरोरा क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन के बजट 2026-27 में खरोरा में इंडोर स्टेडियम और खेल मैदान के विकास के लिए 3 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस फैसले से क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि खरोरा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। अब 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इंडोर स्टेडियम और खेल मैदान से खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय स्तर पर खरोरा व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की असली पहचान वहां के युवाओं की मेहनत और प्रतिभा से होती है। लंबे समय से खरोरा के वार्ड क्रमांक 2 के खेल मैदान के कायाकल्प और इंडोर स्टेडियम की मांग की जा रही थी। बजट में मिली यह स्वीकृति केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों की मजबूत बुनियाद है।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। इंडोर स्टेडियम बनने से खिलाड़ी बारिश और तेज धूप के बावजूद पूरे साल अभ्यास कर सकेंगे।
बजट में राशि स्वीकृत होने की खबर मिलते ही खरोरा के खेल प्रेमियों और युवाओं में खुशी का माहौल है। वार्ड क्रमांक 2 सहित नगर के नागरिकों ने विधायक अनुज शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी, जिसे विधायक ने पूरा कर दिया।



